बंद बाजार को बंद कराने निकले कांग्रेसी, कहा- बंद पूरी तरह सफल रहा

कृषि कानून के विरोध में देशव्यापी बंद को सफल बनाने सीटू ने शहर में बंद का समर्थन किया। सीटू कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर निकलना शुरू हो गए। खास बात है कि मंगलवार को वैसे ही बाजार बंद रहते हैं। फिर भी इक्का-दुक्का खुली दुकानों को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बंद कराया। इसके लिए कार्यकर्ताओं ने रैली भी निकाली। सड़क पर सवारी वाहन या अन्य वाहन आम दिनों की तुलना में कम ही दिखे। सुरक्षा के लिहाज से करीब 700 पुलिस जवानों और अफसरों को तैनात किया गया था।

शहर के सभी प्रमुख बाजार महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, मुरार क्षेत्र की दुकानों नहीं खुलीं। बाजारों को बंद कराने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शहर में घूमते रहे। लोगों ने खुद से ही अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। विपक्षी दलों का कहना है कि सरकार को तीन काले कानून वापस लेना चाहिए। सीटू के अखिलेश यादव का कहना है कि यात्री वाहन चालकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। फूलबाग चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया है। सीटू नेता रामविलास गोस्वामी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।

आप ने घेरा केंद्रीय मंत्री तोमर का बंगला

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बंगले का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी भी की। पुलिस ने करीब 15 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।