पाकिस्तानी जासूस निकला भारतीय सेना में भर्ती का उम्मीदवार

नई दिल्ली। रोहतक हरियाणा में पुलिस ने खुफिया ऐजेंसियों की सूचना पर एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक सोनीपत स्थित गन्नौर का निवासी है। आरोप है कि यह युवक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता था। आईएसआई की 2 महिला ऐजेंट्स ने उसे अपने जाल में फंसा रखा था। भारतीय सेना की जानकारी जुटाने के लिए वो भर्ती परीक्षा दिया करता था। उसने अब तक 18 बार भर्ती परीक्षा दी है।
बताया गया है कि गौरव रोहतक की एक एकेडमी में सेना की तैयारी कर रहा था। रोहतक के एसपी पंकज नैन ने बताया कि गौरव काफी समय से फौज मे भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। करीब डेढ़ साल पहले गौरव की फेसबुक पर पाकिस्तान की दो लड़कियों से मुलाकात हुई जिनके नाम अमिता उर्फ सोनू कौर व अमिता आहलुवालिया थे। दोनों लड़कियां पाकिस्तान की आईएसआई एजेंट हैं। आरोपी गौरव ने लड़कियों को बताया कि वह भारतीय सेना मे नौकरी करता है। लड़कियों ने फेसबुक के माध्यम से गौरव से बातचीत करनी शुरु कर दी। गौरव हनीट्रेप में फंस गया। पाकिस्तानी लड़कियों ने गौरव से सेना के एरिया के फोटो, वीडियो आदि मांगे। गौरव जब भी भर्ती होने के लिए सेना के कैम्पों मे जाता तो वीडियो कॉल कर सोशल मीडिया के माध्यम से सेना के कैम्पों की फोटो/वीडियो उनके साथ शेयर करता था। लड़कियोंं ने गौरव को आईएसआई के लिए काम करने के लिए कहा तथा बदले में मोटी रकम देने की बात कही। गौरव ने अपना बैक खाता की डिटेल भी फेसबुक के माध्यम से लड़कियो को भेजी अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी भारतीय सेना की 18 भर्ती देख चुका है।

हनीट्रैप की तरह लड़कियों का इस्तेमाल कर रहा है आईएसआई
एसपी पंकज नैन ने कहा कि पाकिस्तान एक तरह हनीट्रैप की तरह लड़कियों का इस्तेमाल कर रहा है। ये लड़कियां भारतीय सेना से जुड़ी खुफिया जानकारी लेता है। लड़कियां/महिलाएं फर्जी नामों से फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया साधनों की सहायता से युवकों से संपर्क करती हैं। उसके बाद युवकों को अपने देश की खुफिया जानकारी साझा करने बारे कहा जाता है। इस काम के लिए मोटी रकम देने की भी पेशकश की जाती है।