विवेकानंद नीडम ROB का काम हर हाल में मार्च के पहले हफ्ते तक पूर्ण करें- कलेक्टर

लोड टेस्टिंग कराकर 15 मार्च तक आरओबी को आमजन के लिये खोलने पर दिया जोर
ग्वालियर – विवेकानंद नीडम के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज  (ROB) आरओबी को जोड़ने के लिए बनाई जा रही एप्रोच रोड के दोनों तरफ आकर्षक फर्निशिंग, वृक्षारोपण एवं सुंदर एलईडी लाइट लगवाएं। साथ ही ROB के ऊपर सुरक्षा को ध्यान में रखकर ऊँचीं रैलिंग लगवाएं। यह सभी काम हर हाल में मार्च के पहले हफ्ते में पूरे कराएं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने विवेकानंद नीडम ROB के निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के अधिकारियों को दिए।
यह सभी कार्य कराने के बाद ROB पर भार वहन करने की क्षमता (लोड टेस्टिंग) जाँचें और उसके बाद 15 मार्च तक यह विवेकानंद नीडम ROB आम जनता के उपयोग के लिये खोला जाए। उन्होंने सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरओबी का शेष काम युद्ध स्तर पर पूर्ण कराएँ, जिससे 15 मार्च तक यह ROB आमजन के लिये शुरू हो सके। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सेतु निगम जोगिन्दर सिंह यादव सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
पाँचों आरओबी के नीचे का भाग पार्कों के लिये नगर निगम को हैंडओवर करें
कलेक्टर रुचिका चौहान ने सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि ग्वालियर शहर के पाँचों ROB  के नीचे का भाग नगर निगम को हैंडओवर करने के लिये प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा पड़ाव ROB के नीचे नगर निगम द्वारा विकसित किए गए पार्क की तर्ज पर विवेकानंद नीडम ROB सहित शहर के अन्य आरओबी के नीचे सुनियोजित ढंग से पार्क विकसित कराए जायेंगे।