शहर के 5 और पेट्रोल पम्पों पर शक्ति दीदियों ने संभाली फ्यूल डिलेवरी वर्कर की कमान

अब तक 13 जरूरतमंद महिलायें बन चुकी हैं “शक्ति दीदी”
ग्वालियर – शहर में शक्ति दीदियों की संख्या बढ़ती जा रही है। शहर के 5 और व्यस्ततम पेट्रोल पंप पर गुरुवार को 6 महिलाओं ने ‘शक्ति दीदी’ के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की कमान संभाल ली है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में झांसी रोड़ थाने के सामने स्थित भगवान अचलेश्वर पेट्रोल पंप पर श्रीमती लता शर्मा व श्रीमती सपना जाटव को ‘शक्ति दीदी’ की जैकेट पहनाई। इसके साथ ही इन्होंने फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में वाहनों में तेल भरने का काम शुरू कर दिया।
दो और महिलायें जुड़ गई थीं। इस प्रकार अब तक शहर के 10 पेट्रोल पंपों पर 13 शक्ति दीदियां फ्यूल डिलेवरी वर्कर का काम करने लगी हैं। जिन महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल वर्कर के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया गया है, वे ऐसी महिलायें हैं जो जरूरतमंद हैं, अपनो द्वारा उपेक्षित हैं अथवा जिनके पति का असमय निधन हो चुका है।
जिला प्रशासन की इस पहल में शहर के 4 अन्य पेट्रोल पंपों पर भी गुरुवार को “शक्ति दीदी” के रूप में अलग-अलग महिलाओं ने फ्यूल डिलेवरी वर्कर का मोर्चा संभाला। मॉर्डन फ्यूल पेट्रोल पंप शिंदे की छावनी पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार ने कोमल बाथम को, आरके फिलिंग स्टेशन विवेकानंद तिराहा चेतकपुरी पर अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार ने प्रीति बाथम को, सैनिक पेट्रोल पंप रेसकोर्स रोड़ पर अपर कलेक्टर कुमार सत्यम ने ममता तोमर एवं इंजीनियर फिलिंग स्टेशन ठाठीपुर पर एडीएम टीएन सिंह ने फूलीबाई को “शक्ति दीदी” के तहत फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। महिला फ्यूल वर्कर के रूप में तैनात शक्ति दीदी की ड्यूटी की अवधि प्रात: 9 बजे से सायंकाल 5 बजे तक रहेगी।